The Duniyadari: रायपुर, 02 फरवरी (वेदांत समाचार)। कमिश्नरी प्रणाली लागू होने के बाद रायपुर कमिश्नरेट पुलिस नई कार्यसंस्कृति के साथ आगे बढ़ रही है। नागरिकों का भरोसा मजबूत करने और प्रभावी पुलिसिंग को जमीन पर उतारने के उद्देश्य से लगातार पहल की जा रही है। इसी क्रम में रविवार को शंकर नगर स्थित सभागार में एक विशेष सेमिनार का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम में रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला (आईपीएस) ने कमिश्नरेट रायपुर के सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित किया। सेमिनार आरक्षक स्तर से लेकर वरिष्ठ अधिकारियों तक के लिए आयोजित किया गया, ताकि पूरी पुलिस टीम एक साझा सोच और दिशा के साथ काम कर सके।
कार्यक्रम के दौरान कमिश्नरेट के प्रमुख जोन अधिकारियों का उनके अधीनस्थ अराजपत्रित अधिकारियों से औपचारिक परिचय कराया गया। इस मौके पर डीसीपी नॉर्थ जोन मयंक गुर्जर, डीसीपी वेस्ट जोन संदीप पटेल और डीसीपी सेंट्रल जोन उमेश प्रसाद गुप्ता ने अपने-अपने जोन की जिम्मेदारियों, कार्यक्षेत्र और प्राथमिकताओं की जानकारी साझा की। साथ ही एसीपी डिवीजनों की भूमिका और अपेक्षाओं पर भी प्रकाश डाला गया।
अपने संबोधन में पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने स्पष्ट किया कि कमिश्नरी प्रणाली का मकसद केवल प्रशासनिक अधिकार बढ़ाना नहीं है, बल्कि पुलिस और आम जनता के बीच भरोसे का मजबूत रिश्ता बनाना है। उन्होंने कहा कि सुरक्षित और भयमुक्त रायपुर की कल्पना तभी साकार होगी, जब पुलिस संवेदनशीलता, जवाबदेही और जनसेवा की भावना के साथ अपने दायित्व निभाए।
सेमिनार के जरिए पुलिसकर्मियों को यह संदेश दिया गया कि कमिश्नरी व्यवस्था में सफलता की असली कसौटी जनता का विश्वास और संतुष्टि होगी।
































