The Duniyadari: दुर्ग/रायपुर- करोड़ों की जमीन से जुड़े कथित धोखाधड़ी मामले में सिम्पलेक्स कास्टिंग्स की एमडी संगीता केतन शाह और उनके पति केतन शाह के खिलाफ FIR दर्ज हुई है। गिरफ्तारी की आशंका के बीच संगीता शाह ने दंतेवाड़ा में पदस्थ पुलिस अधिकारी विशाल सोन पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
*अखबार में आम सूचना जारी कर लगाया आरोप*
संगीता शाह ने अखबार में आम सूचना जारी कर कहा कि विशाल सोन 2013-14 में दुर्ग जिले में थाना प्रभारी थे। उसी दौरान जान-पहचान हुई। सोन ने भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से संपर्क का हवाला देकर वैशाली नगर विधानसभा से टिकट दिलाने का भरोसा दिया।
MD के मुताबिक, टिकट दिलाने के नाम पर कई बार पैसे लिए गए। भरोसा दिलाने के लिए सोन ने चुनाव के समय फर्जी मेडिकल लीव ली और सरकारी पद पर रहते हुए चुनाव प्रचार में भी शामिल रहे। रैली में साथ रहे।
*कंपनी की संपत्ति हड़पने की साजिश का आरोप*
संगीता शाह का आरोप है कि कंपनी में आना-जाना होने से विशाल सोन को अंदरूनी विवादों की जानकारी मिल गई। पद और रसूख का इस्तेमाल कर विवाद सुलझाने का भरोसा दिया, लेकिन बाद में अपने लोगों के साथ मिलकर कंपनी की संपत्ति हड़पने की साजिश रची।
आरोप के अनुसार, पुलगांव और कोहका-जुनवानी की जमीन, कमर्शियल कॉम्प्लेक्स, कंपनी के वाहन और दूसरी चल-अचल संपत्तियों को कब्जे में लेने के लिए विवाद खड़ा किया गया। इसके लिए जमीन कारोबारियों, ठेकेदारों और कुछ पुलिस अधिकारियों के साथ मिलकर योजना बनाई गई।
*SP से शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई: संगीता शाह*
संगीता शाह ने कहा कि मामले की जानकारी होने पर 6 फरवरी 2026 को पूरे तथ्यों के साथ SP से शिकायत की थी, पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने आरोप लगाया कि विशाल सोन बड़े अफसरों, नेताओं और मंत्रियों से जान-पहचान का हवाला देकर कंपनी बंद कराने और सड़क पर लाने की धमकी दे रहे हैं। ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर वे मानसिक तनाव में हैं और परिवार से अलग रह रही हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।















