Tuesday, March 31, 2026
Home Breaking कर्ज के दबाव में युवक ने दी जान, कांग्रेस नेता गिरफ्तार

कर्ज के दबाव में युवक ने दी जान, कांग्रेस नेता गिरफ्तार

14

The Duniyadari: भिलाई- कोहका हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में 42 वर्षीय मोहन रामटेके की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कांग्रेस नेता राजू पाल को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक ने आत्महत्या से पहले एक सुसाइड नोट छोड़ा था, जिसमें उसने राजू पाल और एक महिला पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। मामला स्मृति नगर पुलिस चौकी क्षेत्र का है।

भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी के अनुसार, 28 मार्च को मोहन रामटेके ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के दौरान एक सुसाइड नोट बरामद हुआ, जिसमें आत्महत्या के पीछे की वजह सामने आई।

जांच में सामने आया कि मोहन ने राजू पाल और एक अन्य महिला से कुछ रकम उधार ली थी। कर्ज वापस करने को लेकर दोनों आरोपी लगातार उस पर दबाव बना रहे थे। आरोप है कि उसे धमकाया जा रहा था और झूठे मामले में फंसाने की चेतावनी भी दी जा रही थी। लगातार मानसिक तनाव और दबाव के चलते मोहन ने यह कदम उठाया।

पुलिस ने पहले मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की। सुसाइड नोट में लिखी बातों और गवाहों के बयान की पुष्टि के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर राजू पाल को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।