कलेक्टर अजीत वसंत ने किया डिजिटल फसल सर्वेक्षण का निरीक्षण, किसानों से की चर्चा

9

The Duniyadari : कोरबा। भैंसमा तहसील के ग्राम करमंदी में बुधवार को कलेक्टर अजीत वसंत ने खेतों में चल रहे डिजिटल फसल सर्वेक्षण की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पटवारी, सर्वेयर और राजस्व विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि गिरदावरी कार्य पूरी सटीकता और पारदर्शिता के साथ किया जाए।

कलेक्टर ने कहा कि जिन गांवों में अब तक सर्वे नहीं हुआ है, वहां जल्द से जल्द कार्य पूर्ण किया जाए। उन्होंने किसानों भरतलाल और चमार साय से मुलाकात कर डिजिटल सर्वेक्षण के फायदों की जानकारी दी। कलेक्टर वसंत ने बताया कि डिजिटल क्रॉप सर्वे ऐप के माध्यम से हर खेत की फसल और क्षेत्रफल की सटीक जानकारी ऑनलाइन दर्ज की जा रही है। इस तकनीक से रकबे में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या गलत प्रविष्टि की संभावना समाप्त होगी।

उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया से किसानों को फसल बेचते समय दस्तावेज़ सत्यापन में राहत मिलेगी और एमएसपी पर उपज बेचने में सुविधा होगी। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि जिले की 12 तहसीलों के 417 गांवों में जियो-रिफ्रेंसिंग कार्य पूरा हो चुका है। 30 सितंबर तक 367,864 खसरों का सर्वे 951 सर्वेक्षकों द्वारा किया जाना है, जिनमें से अब तक 2,312 खसरों का सर्वे पूरा हो चुका है।

इस मौके पर जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, सहायक कलेक्टर क्षितिज गुरभेले, एसडीएम सरोज महिलांगे, तहसीलदार के.के. लहरे समेत स्थानीय किसान और ग्रामीण उपस्थित रहे।