The Duniyadari: कवर्धा। मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कवर्धा पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। चिल्फी थाना क्षेत्र में की गई सघन कार्रवाई में पुलिस ने लगभग 5 करोड़ रुपये कीमत का करीब 9 क्विंटल गांजा जब्त किया है। मामले में एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि एक कंटेनर ट्रक के जरिए भारी मात्रा में गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर वाहन की घेराबंदी कर जांच की गई। तलाशी के दौरान कंटेनर में बनाए गए गुप्त चैंबर का खुलासा हुआ, जिसमें 30 बोरियां छिपाकर रखी गई थीं। प्रत्येक बोरी में करीब 30 किलो गांजा भरा हुआ था। प्रारंभिक पड़ताल में सामने आया है कि यह खेप उड़ीसा से राजस्थान ले जाई जा रही थी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गांजा और कंटेनर ट्रक दोनों को जब्त कर लिया। बताया जा रहा है कि ट्रक नागालैंड पंजीयन का है। इस मामले में पुलिस ने अयाज खान, निवासी राजस्थान, को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह तस्करी संगठित नेटवर्क के जरिए की जा रही थी। अब इस पूरे गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी गई है। आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
































