The Duniyadari: कोरबा। किन्नर समाज की अध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता मालती किन्नर के निधन से कोरबा में शोक का माहौल है। उनके निधन की खबर सामने आते ही किन्नर समाज के साथ-साथ परिचितों और शुभचिंतकों में भी दुख की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार मालती किन्नर पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रही थीं। रविवार को शहर के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
मालती किन्नर लंबे समय से सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय थीं। उन्होंने किन्नर समाज से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया और समाज के लोगों के हितों के लिए लगातार आवाज बुलंद करती रहीं। सामाजिक कार्यों में उनकी सक्रियता के कारण समाज में उनकी अलग पहचान थी।
उनके निधन को किन्नर समाज के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। समाज के सदस्यों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि मालती किन्नर के रूप में उन्होंने एक सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता और मार्गदर्शक को खो दिया है। लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक व्यक्त किया।
























