कुम्हारी में खाली प्लॉट से अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस

4

The Duniyadari: दुर्ग। जिले के कुम्हारी क्षेत्र में एक सुनसान पड़े प्लॉट से अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद कुम्हारी थाना टीम मौके पर पहुंची।

बताया जा रहा है कि प्लॉट के आसपास रहने वाले लोगों को बीते कुछ समय से तेज दुर्गंध महसूस हो रही थी। शक होने पर जब लोगों ने झाड़ियों के भीतर जाकर देखा, तो एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल को घेराबंदी कर मर्ग कायम किया और प्रारंभिक जांच शुरू कर दी।

जांच के दौरान मृतक की जेब से एक ट्रेन टिकट मिली है, जो ओडिशा के केसिंगा रेलवे स्टेशन से संबंधित बताई जा रही है। वहीं शव के पास एक इंजेक्शन भी बरामद हुआ है। प्रारंभिक तौर पर अत्यधिक नशीले पदार्थ के सेवन से मौत की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और क्षेत्रवासियों से पूछताछ कर मृतक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की हर पहलू से जांच जारी है।