The Duniyadari : केरल के इडुक्की जिले के मुन्नार इलाके में इस बार स्थानीय निकाय चुनाव का सबसे बड़ा आकर्षण किसी पार्टी का मेनिफेस्टो नहीं, बल्कि एक नाम है। वार्ड नंबर 16 नल्लाथन्नी में BJP की उम्मीदवार के तौर पर उतर रही 34 वर्षीय महिला का नाम है — सोनिया गांधी।
जी हाँ… नाम सुनकर चौंकना लाज़मी है, क्योंकि यह वही नाम है जो देश की सबसे चर्चित राजनीतिक हस्तियों में से एक, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष से जुड़ता है।
■ पिता की कांग्रेसभक्ति ने दिया ‘ऐतिहासिक नाम’
सोनिया गांधी के पिता दूरे राज स्थानीय मजदूर थे और कांग्रेस के कट्टर समर्थक। उस दौर में कांग्रेस अध्यक्ष रहीं सोनिया गांधी से इतना प्रभावित थे कि उन्होंने अपनी बेटी का नाम भी वही रख दिया। परिवार आज भी कांग्रेस समर्थक माना जाता है—बस किस्मत का खेल देखिए कि बेटी अब BJP की तरफ से मैदान में है।
■ कांग्रेस समर्थक परिवार की बहू… BJP की उम्मीदवार कैसे?
सोनिया कहती हैं—पति सुभाष लंबे समय से BJP से जुड़े हुए हैं। वे खुद एक उपचुनाव में पार्टी के उम्मीदवार रह चुके हैं। परिवार और पति के राजनीतिक रुझान ने ही उन्हें BJP के टिकट तक पहुँचा दिया।
■ मुकाबला मज़ेदार, नाम बना चर्चा का केंद्र
इस वार्ड में सोनिया गांधी की सीधी भिड़ंत कांग्रेस की मंजुला रमेश और CPM की वलारमती से है।
नाम की वजह से कांग्रेस समर्थक भी कन्फ्यूज़, और मतदाताओं में उत्सुकता चरम पर—
“सोनिया गांधी को वोट दें?”
—कौन सी वाली?”
चुनावी चुटकुलों से लेकर सोशल मीडिया पोस्ट तक, हर जगह यही नाम सबसे बड़ा मुद्दा बना हुआ है।
■ गांधी परिवार से पुराना ‘केरल कनेक्शन’
मुन्नार भले दूर हो, लेकिन गांधी परिवार का केरल से रिश्ता गहरा रहा है। वायनाड सीट पहले राहुल गांधी और अब प्रियंका गांधी वाड्रा के पास है। ऐसे में मुन्नार में ‘सोनिया गांधी’ नाम की BJP उम्मीदवार होना अपने आप में अनोखा संयोग है।
■ दो चरणों में मतदान
केरल में स्थानीय निकाय चुनाव 9 और 11 दिसंबर को होने वाले हैं, और मुन्नार का यह वार्ड पहले से ही सुर्खियों में है। कारण सिर्फ एक —
BJP की सोनिया गांधी!





























