कोरबा कांग्रेस की बैठक सम्पन्न, वोटर अधिकार यात्रा और मशाल रैली की तैयारियों पर चर्चा

30

The Duniyadari “चुनाव में अनियमितताओं के खिलाफ आवाज बुलंद करने कोरबा कांग्रेस की बैठक सम्पन्न, 9 सितंबर को बिलासपुर में वोटर अधिकार यात्रा और 16 सितंबर को कोरबा में मशाल रैली की तैयारी   

कोरबा। लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए आज कोरबा जिला कांग्रेस कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल हुए।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष नत्थु लाल यादव ने बैठक में कहा कि पिछले चुनावों में वोटों के साथ हेराफेरी और अनियमितताओं के कई मामले उजागर हुए हैं, जिससे चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठे हैं। उन्होंने इसे लोकतंत्र के लिए गंभीर चुनौती बताते हुए कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर अभियान में भाग लेने का आग्रह किया। श्री यादव ने बताया कि 9 सितंबर 2025 को बिलासपुर में आयोजित ‘वोटर अधिकार यात्रा महासभा’ में कोरबा जिले से अधिक से अधिक कार्यकर्ता शामिल होंगे। इसके लिए सभी कोरबा शहर कांग्रेस से सुबह 9 बजे रवाना किया जाएगा।

बैठक में प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी सदस्य सुरेंद्र प्रताप जायसवाल ने आगामी 16 सितंबर को कोरबा में आयोजित की जाने वाली विशाल ‘मशाल रैली’ की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि रैली में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी एवं राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री तथा एआईसीसी महासचिव सचिन पायलट मुख्य अतिथि होंगे। रैली का नेतृत्व पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल करेंगे। कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री, सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि भाग लेंगे।

इस दौरान पूर्व महापौर राजकिशोर ने बस्तर क्षेत्र में भारी बारिश से उत्पन्न आपदा पर चिंता जताते हुए कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार पूरे प्रदेश से राहत हेतु आर्थिक सहायता एकत्र कर बस्तर भेजी जाएगी। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक सहयोग देने का आह्वान किया। सहयोग राशि 17 सितंबर तक टी.पी. नगर स्थित कांग्रेस कार्यालय में जमा कराई जा सकती है।

बैठक में प्रदेश सचिव बी.एन. सिंह, विकास सिंह, सांसद प्रतिनिधि सुरेश सहगल, पूर्व अध्यक्ष सपना चौहान, महिला कांग्रेस अध्यक्ष कुसुम द्विवेदी, नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू, युवा कांग्रेस अध्यक्ष राकेश पंकज, सेवादल प्रमुख प्रदीप पुरायणे, अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के अध्यक्ष नारायण कुर्रे सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक ने संगठन को मजबूती देने, लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा करने और आपदा राहत में सहयोग जुटाने का संकल्प लिया।