कोरबा के अशोक वाटिका में कोयले से भरी गाड़ी में लगी आग, टला बड़ा हादसा

8

The Duniyadari: कोरबा, 22 फरवरी)। औद्योगिक नगरी कोरबा के अशोक वाटिका क्षेत्र में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब स्टेडियम रोड पर खड़ी कोयले से लदी एक वाहन में अचानक आग भड़क उठी। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और एहतियात के तौर पर सभी ने दूरी बना ली।

जानकारी के मुताबिक वाहन काफी देर से सड़क किनारे खड़ा था। शुरुआत में किसी को अंदेशा नहीं हुआ, लेकिन कुछ समय बाद कोयले से धुआं निकलता दिखाई दिया। धीरे-धीरे धुआं बढ़ता गया और देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं। आग भड़कने से वहां मौजूद दुकानदारों और राहगीरों में हड़कंप की स्थिति बन गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि आग समय पर नियंत्रित नहीं होती तो आसपास की दुकानों और गुजरते वाहनों को नुकसान पहुंच सकता था। कुछ देर के लिए मार्ग पर यातायात भी बाधित रहा। प्रारंभिक तौर पर यह संभावना जताई जा रही है कि कोयले के भीतर सुलगन के कारण आग लगी हो, हालांकि वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

घटना के दौरान मौके पर किसी जिम्मेदार अधिकारी की अनुपस्थिति को लेकर नागरिकों में नाराजगी देखी गई। लोगों ने सवाल उठाए कि भारी वाहन लंबे समय तक सड़क किनारे क्यों खड़ा रहा और उसकी निगरानी क्यों नहीं की गई।

फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है और स्थिति सामान्य बताई जा रही है। प्रशासन ने मामले की जांच कराने की बात कही है। इस घटना ने सार्वजनिक स्थानों पर खड़े भारी वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर फिर चिंता बढ़ा दी है।