कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में एक सरकारी शराब दुकान से 2 लाख रुपए से ज्यादा की चोरी हो गई। दुकान में चौकीदार ड्यूटी पर था, मगर उसे भनक तक नहीं लगी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कटघोरा बस्ती से दूर यहां देसी शराब दुकान है। रोज की तरह गुरुवार को भी दुकान खुली थी। रात होने के बाद कर्मचारी ड्यूटी करके वापस घर लौट गए थे।
दुकान का चौकीदार ड्यूटी पर तैनात था। ड्यूटी के दौरान वह दुकान के पीछे बने स्टोर रूम में सो गया। इसी दौरान चोरों ने पूरी वारदात को अंजाम दे दिया। चोरी से पहले दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों के तार को पहले काट दिया गया था।
बताया गया कि चौकीदार सुबह जब सोकर उठा, तब उसे दुकान का ताला टूटा हुआ मिला। जिसके बाद उसे पैसे चोरी होने की जानकारी मिली।
अंदर कैश काउंटर में देखा तो वहां से करीब 2 लाख 16 हजार रुपए गायब थे। जिसके बाद पुलिस को इस बात की सूचना दी गई थी। खबर लगते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की गई है।































