Thursday, October 22, 2026
Home कोरबा कोरबा ट्रांसपोर्ट इंडस्ट्री में शोक की लहर, अग्रणी कारोबारी अमन बाजवा का...

कोरबा ट्रांसपोर्ट इंडस्ट्री में शोक की लहर, अग्रणी कारोबारी अमन बाजवा का निधन

172

The Duniyadari : कोरबा, 27 सितंबर।मध्यप्रदेश के चित्रकूट के पास शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में कोरबा के जाने-माने कोयला ट्रांसपोर्ट कारोबारी अमन बाजवा (34) और उनकी मां की मौत हो गई, जबकि उनके मौसा गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, दीपका थाना क्षेत्र के झाबर गांव निवासी अमन बाजवा अपने कारोबार के लिए कोरबा के बड़े ट्रांसपोर्टरों में गिने जाते थे। बताया जाता है कि उनके पास सौ से ज्यादा ट्रक और गाड़ियां थीं। शुक्रवार देर रात वे अपनी मां और मौसा के साथ स्कॉर्पियो कार से पंजाब की ओर जा रहे थे। रास्ते में बुंदेलखंड राष्ट्रीय राजमार्ग पर उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अमन और उनकी मां की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर हालत में घायल मौसा को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी।

इस हादसे ने कोरबा के गेवरा-दीपका क्षेत्र को गहरे शोक में डाल दिया है। ट्रक मालिकों और कोयला व्यवसायियों ने अमन के निधन को बड़ी क्षति बताया है।