कोरबा ने रचा इतिहास: एक घंटे में 10 हजार हस्ताक्षर कर बनाया स्वच्छता का वर्ल्ड रिकॉर्ड

25

The Duniyadari: कोरबा, 06 फरवरी। छत्तीसगढ़ का कोरबा जिला स्वच्छता के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए अंतरराष्ट्रीय मंच पर सुर्खियों में आ गया है। नगर पालिक निगम कोरबा के स्वच्छता महासंकल्प और हस्ताक्षर अभियान में महज एक घंटे के भीतर 10 हजार से ज्यादा लोगों ने भाग लेकर गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में शहर का नाम दर्ज करा दिया।

स्वच्छता को लेकर नगर निगम के लगातार प्रयासों का असर पहले भी दिख चुका है। हालिया स्वच्छता सर्वेक्षण में कोरबा को देश के सबसे स्वच्छ शहरों में आठवां स्थान मिला था। इसी उपलब्धि से उत्साहित निगम ने बड़े पैमाने पर जनभागीदारी के साथ यह विशेष अभियान चलाया।

अभियान के तहत शहर में करीब 280 मीटर लंबा विशाल बैनर लगाया गया, जिस पर आम नागरिकों, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने हस्ताक्षर कर स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। कार्यक्रम में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर वर्ग की भागीदारी रही, जिससे आयोजन जनआंदोलन जैसा रूप लेता नजर आया। इस दौरान हजारों लोगों को सामूहिक रूप से स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई।

कार्यक्रम में उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, महापौर संजू देवी राजपूत, कलेक्टर कुणाल दुदावत और नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय मौजूद रहे। अतिथियों ने स्वयं हस्ताक्षर कर नागरिकों को स्वच्छता के लिए प्रेरित किया। उद्योग मंत्री ने इसे कोरबा के लिए ऐतिहासिक क्षण बताते हुए कहा कि यह उपलब्धि शहर में स्वच्छता को लेकर बढ़ती जागरूकता और सकारात्मक सोच का प्रतीक है।

नगर निगम आयुक्त ने जानकारी दी कि इससे पहले एक घंटे में लगभग साढ़े सात हजार हस्ताक्षरों का रिकॉर्ड उत्तराखंड के पिथौरागढ़ के नाम था, जिसे कोरबा ने पीछे छोड़ते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है।

इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि प्रशासन और जनता के संयुक्त प्रयास से स्वच्छता जैसे सामाजिक अभियानों को बड़ी सफलता में बदला जा सकता है।