The Duniyadari: कोरबा (छत्तीसगढ़)। जिले में बढ़ते साइबर अपराधों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने एक अहम कार्रवाई करते हुए म्यूल अकाउंट के जरिए ऑनलाइन ठगी से जुड़े दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि ये खाते साइबर अपराधियों को रकम ट्रांसफर करने के लिए उपलब्ध कराए जा रहे थे।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और एसडीओपी के मार्गदर्शन में की गई। थाना स्तर की टीम और साइबर पुलिस ने संयुक्त रूप से जांच करते हुए भारत सरकार के गृह मंत्रालय के समन्वय पोर्टल से मिली जानकारी के आधार पर संदिग्ध खातों पर नजर रखी।
जांच के दौरान तकनीकी विश्लेषण से पता चला कि कुसमुंडा क्षेत्र के कुछ युवकों ने नए बैंक खाते खुलवाकर उन्हें साइबर ठगों के इस्तेमाल के लिए दे रखा था। इन खातों के माध्यम से अलग-अलग राज्यों में की गई ऑनलाइन ठगी की रकम जमा की जा रही थी, ताकि असली अपराधियों की पहचान छिपी रहे।
पुख्ता सबूत मिलने के बाद साइबर थाना और कुसमुंडा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में लिया।
गिरफ्तार आरोपी:
- एम.डी. तवरेज (23 वर्ष), निवासी आनंद नगर, थाना कुसमुंडा, जिला कोरबा।
- पुष्पेंद्र साहू (22 वर्ष), निवासी आनंद नगर, थाना कुसमुंडा, जिला कोरबा।
पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
































