The Duniyadari: कोरबा। जिले में पुलिसिंग को लेकर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया है। जिले के 8 पुलिस अधिकारियों की अस्थायी पदस्थापना में बदलाव करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। जारी आदेश में सभी संबंधित अधिकारियों को बिना देरी किए नई जगह पर कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं।

आदेश के अनुसार निरीक्षक धर्मनारायण तिवारी को रक्षित केंद्र कोरबा से दीपका थाना प्रभारी बनाया गया है। निरीक्षक गणेश राम यादव को भी रक्षित केंद्र से हटाकर करतला थाना प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। इसी क्रम में निरीक्षक लोकनाथ यादव को रक्षित केंद्र कोरबा से लेमरू थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है।
वहीं, दीपका थाना प्रभारी रहे उप निरीक्षक प्रेमचंद साहू को अब कटघोरा थाना प्रभारी बनाया गया है। लेमरू थाना प्रभारी उप निरीक्षक सुमन लाल पोया को भी कटघोरा भेजा गया है। सहायक उप निरीक्षक चन्द्रपाल खाण्डे, जो करतला थाना प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल रहे थे, उन्हें भी कटघोरा थाना पदस्थ किया गया है।
इसके अलावा सहायक उप निरीक्षक भानु प्रताप कुर्रे को थाना अजाक से हटाकर पाली थाना भेजा गया है। वहीं सहायक उप निरीक्षक महिपाल सिंह के पूर्व स्थानांतरण आदेश में संशोधन करते हुए उन्हें थाना अजाक में पदस्थ किया गया है।
पुलिस विभाग के इस बदलाव के बाद जिले के कई थानों की कमान नए अधिकारियों के हाथ में होगी। प्रशासनिक स्तर पर किए गए इस फेरबदल का उद्देश्य पुलिस व्यवस्था को अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाना माना जा रहा है। सभी अधिकारियों को नई पदस्थापना पर तत्काल आमद देने के निर्देश दिए गए हैं।
































