The Duniyadari: कोरबा- जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने तथा अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग (आईपीएस) ने कोरबा जिले का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने उनका स्वागत करते हुए परेड निरीक्षण की कार्यवाही कराई।
पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड में आयोजित निरीक्षण परेड में पांच टोलियों में अधिकारी और पुलिसकर्मी शामिल हुए। आईजी ने परेड का निरीक्षण कर जवानों के अनुशासन और टर्नआउट की सराहना की। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 15 से 17 अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया।
परेड के बाद आयोजित पुलिस सम्मेलन में अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिस पर आईजी ने त्वरित समाधान के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने पुलिस लाइन में बलवा ड्रिल सामग्री, एमटी शाखा, आर्म्स शाखा और पुलिस कैंटीन का निरीक्षण किया तथा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का भी जायजा लिया गया। सभागार में आयोजित क्राइम मीटिंग में लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण, अपराध नियंत्रण, गंभीर प्रकरणों की लगातार मॉनिटरिंग, “अनुभव QR कोड” के माध्यम से आमजन से फीडबैक लेने, दोपहिया वाहन चोरी की रिकवरी के लिए सशक्त ऐप के उपयोग और ऑपरेशन तलाश के तहत गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश तेज करने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से समीक्षा की गई।
आईजी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ जनता से बेहतर संवाद स्थापित कर पुलिसिंग को और प्रभावी बनाया जाए।















