The Duniyadari : कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई उस वक्त हिंसक हो गई, जब आबकारी विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। श्यांग थाना क्षेत्र के ग्राम बरपाली में हुई इस घटना में सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट और सरकारी वाहन में तोड़फोड़ की गई।
जानकारी के अनुसार, आबकारी उपनिरीक्षक जया मेहरा अपनी टीम के साथ बरपाली निवासी फूलना बाई उरांव के घर दबिश देने पहुँची थीं। कार्रवाई के दौरान गांव की महिलाओं ने टीम को घेर लिया, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। इसी बीच सरपंच पति रामजीवन कंवर अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुँचा और टीम से बहस करने लगा।
स्थिति तब बिगड़ गई जब जयप्रकाश उरांव ने उकसावे के साथ डंडे से हमला कर दिया। हमले में आबकारी कर्मी नरेश कुमार राठौर के हाथ में गंभीर चोट आई। उग्र भीड़ ने टीम की स्कार्पियो वाहन (CG-12-BR-8820) का सामने का शीशा भी तोड़ दिया।
घटना के बाद आबकारी उपनिरीक्षक की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी जयप्रकाश उरांव और रामजीवन कंवर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 324(3), 115(2), 221 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की भूमिका की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।





























