The Duniyadari : कोरबा। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की रजत जयंती वर्ष के अवसर पर जिले में कृषि क्षेत्र में नवाचार और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को प्रोत्साहित करने हेतु राजीव गांधी ऑडिटोरियम, टी.पी. नगर, कोरबा में जिला स्तरीय किसान मेला का भव्य आयोजन किया गया।
यह आयोजन एक्सटेंशन रिफॉर्म्स (आत्मा) योजना के तहत किया गया, जिसका उद्देश्य किसानों को विभागीय योजनाओं की जानकारी देना, उन्हें नवीन कृषि तकनीकों से जोड़ना और टिकाऊ खेती की दिशा में प्रेरित करना रहा।
मेले में जिले के सभी पाँच विकासखंडों से 503 किसानों ने भाग लिया। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉलों में कृषि उपकरण, उन्नत बीज, पौध सामग्री, जैविक खाद और जैविक उत्पादों की जानकारी दी गई। किसानों ने नवीन तकनीकों के प्रयोगों को नज़दीक से देखा और उन्हें अपनी खेती में अपनाने की प्रतिबद्धता जताई।
कार्यक्रम में कृषि विशेषज्ञों ने फसल विविधीकरण, जैविक खाद निर्माण, कीट एवं रोग प्रबंधन, सिंचाई व्यवस्था और जल संरक्षण तकनीकों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया। विशेषज्ञों ने कहा कि बदलते जलवायु परिदृश्य में टिकाऊ खेती और मृदा स्वास्थ्य को बनाए रखना समय की आवश्यकता है।
मुख्य अतिथि कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकारें किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को आत्मनिर्भर बनाने के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि “खेती अब परंपरा नहीं, विज्ञान का विषय बन चुकी है,” इसलिए प्रत्येक किसान को आधुनिक तकनीकों को अपनाना चाहिए।
इस मौके पर जिले के उन्नत कृषकों को शॉल, श्रीफल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही, उत्कृष्ट कार्य करने वाले ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों को भी सम्मानित किया गया, जिन्होंने गांव-गांव जाकर किसानों तक तकनीकी जानकारी पहुंचाई है।
मेले के दौरान मत्स्य पालन विभाग द्वारा जाल एवं उद्यानिकी विभाग द्वारा पौध वितरण किया गया। इस पहल का उद्देश्य किसानों को आत्मनिर्भर बनाते हुए उन्हें वैकल्पिक आजीविका के साधनों से जोड़ना रहा।
कार्यक्रम में उपस्थित किसानों ने अनुभव साझा करते हुए कहा कि ऐसे मेले न केवल उनके ज्ञान में वृद्धि करते हैं बल्कि सरकारी योजनाओं से प्रत्यक्ष रूप से जुड़ने का अवसर भी प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम में महापौर संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, उपाध्यक्ष निकिता मुकेश जायसवाल, जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग, नरेंद्र देवांगन, अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।



























