The Duniyadari: तैलियामार गांव में चल रहा था ताश के पत्तों पर दांव लगाने का खेल, पुलिस ने नकदी और वाहनों समेत 1.83 लाख का सामान किया जब्त
कोरबा, 10 नवंबर। जिले में जुआ गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पसान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम तैलियामार में चल रहे जुए के फड़ पर दबिश देकर पुलिस ने 13 लोगों को हिरासत में लिया। इस कार्रवाई में शिक्षा विभाग से जुड़े एक प्रधान पाठक और ग्राम पंचायत के एक सरपंच का नाम सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।
पुलिस को गांव में कुछ लोगों के एक स्थान पर एकत्र होकर ताश के जरिए पैसों का दांव लगाने की जानकारी मिली थी। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और वहां मौजूद सभी 13 लोगों को पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 32 हजार रुपये नकद, ताश की 52 पत्तियां और एक गमछा बरामद किया। इसके अलावा दो मोटरसाइकिल और पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। पुलिस ने जब्त संपत्ति का कुल मूल्य लगभग 1 लाख 83 हजार रुपये बताया है।
पकड़े गए लोगों में शैलेन्द्र जेम्स (45), कुंपल सिंह (54), रवि ठाकुर (50), गजेन्द्र यादव (30), सोनसाय (50), दशरथ खलखो (35), कैलाश कुजूर (25), शैष्मन (41), चन्द्रमान कौशिक (35), राजकुमार रजक (25), समारू (31), अनुराग वर्मा (30) और सहदेव आर्मो (45) शामिल हैं।
बताया गया है कि आरोपियों में शामिल गजेन्द्र यादव प्राथमिक शाला पंडरीपानी में प्रधान पाठक के पद पर कार्यरत हैं। वहीं सहदेव आर्मो ग्राम पंचायत बैरा के सरपंच बताए गए हैं। फिलहाल पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।



















