The Duniyadari: कोरबा। शहर के मुड़ापार स्थित शारदा बायपास पर शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में एक चालक की जान चली गई। बताया जा रहा है कि रात करीब 2 बजे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के तुरंत बाद ट्रेलर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
मामला मानिकपुर चौकी क्षेत्र के अंतर्गत मुड़ापार शारदा मोड़ के पास का है। घटना की सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लेकर जांच प्रक्रिया शुरू की।
मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए जिला मेडिकल अस्पताल भिजवाया। वाहन मालिक को भी दुर्घटना की जानकारी दे दी गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और फरार ट्रेलर चालक की तलाश जारी है।
गौरतलब है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर पहले भी स्थानीय लोगों द्वारा चिंता व्यक्त की जा चुकी है। वार्ड क्रमांक 28 के पार्षद गोपाल कुर्रे ने आबादी क्षेत्र से गुजरने वाले इस रास्ते पर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग उठाई थी, लेकिन अब तक इस पर ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है।
दुर्घटना के बाद क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से इस मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और भारी वाहनों की आवाजाही पर सख्ती बरतने की मांग की है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
































