Saturday, April 4, 2026
Home Breaking कोरबा में दो सड़क हादसे: शिक्षक और युवक की मौत, अंधेरा और...

कोरबा में दो सड़क हादसे: शिक्षक और युवक की मौत, अंधेरा और अव्यवस्था बनी वजह

9

The Duniyadari: कोरबा- जिले में अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों दुर्घटनाएं कटघोरा थाना क्षेत्र में हुईं, जहां सड़क पर अंधेरा और अव्यवस्थित हालात हादसे की बड़ी वजह बताए जा रहे हैं। इन घटनाओं के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पहली घटना सीताराम चौक से आगे चकचकवा पहाड़ के पास हुई। जानकारी के अनुसार ऐतमा नगर निवासी 25 वर्षीय शिपाल पोर्ते बाइक से किसी काम से निकला था। इसी दौरान सड़क पर पड़े गिट्टी-मिट्टी के ढेर से उसकी बाइक टकरा गई। टक्कर के बाद वह अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़ा और उसके सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

दूसरी घटना बरपाली के पास हुई। पोड़ी-उपरोड़ा निवासी शिक्षक जय पांडेय वैगनआर कार से कहीं जा रहे थे। बताया जा रहा है कि सड़क पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण उनकी तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए। गंभीर रूप से घायल शिक्षक को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा लाया गया, जहां से उन्हें कोरबा रेफर किया गया। हालांकि इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।

लगातार हो रहे हादसों के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क व्यवस्था सुधारने और रात में रोशनी की व्यवस्था करने की मांग की है।