Saturday, March 7, 2026
Home कोरबा कोरबा में नगरीय व्यवस्थाओं पर सख्ती, हर वार्ड को मॉडल बनाने के...

कोरबा में नगरीय व्यवस्थाओं पर सख्ती, हर वार्ड को मॉडल बनाने के निर्देश

32

The Duniyadari: कोरबा, कुणाल दुदावत ने नगरीय निकायों की समीक्षा बैठक में साफ कहा कि शहर के हर वार्ड में सफाई व्यवस्था मजबूत होनी चाहिए और उन्हें चरणबद्ध तरीके से मॉडल वार्ड के रूप में विकसित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि गर्मी को देखते हुए पेयजल आपूर्ति की तैयारियां अभी से दुरुस्त कर ली जाएं, ताकि किसी भी इलाके में पानी की किल्लत न हो।

बैठक में वार्डवार जरूरत के अनुसार पानी के टैंकरों की व्यवस्था, नए बोरवेल के प्रस्ताव तैयार करने और बारिश से पहले पानी टंकियों की सफाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि नागरिकों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। साथ ही सीवरेज लाइनों की नियमित सफाई और निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए गए।

होली पर्व को ध्यान में रखते हुए सभी निकायों में पर्याप्त जल उपलब्ध रखने और त्योहार के दौरान विशेष सफाई अभियान चलाने को कहा गया। इस अवधि में प्रत्येक वार्ड में अलग टीम तैनात कर सतत निगरानी रखने पर भी जोर दिया गया।

स्वच्छता कार्यों की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को स्वच्छ भारत मिशन के तहत रोजाना सुबह वार्डों का निरीक्षण करने, सफाई व्यवस्था को व्यवस्थित रखने और जनभागीदारी बढ़ाने के निर्देश मिले। विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर अध्यक्षों, पार्षदों और अन्य जनप्रतिनिधियों को सक्रिय रूप से जोड़ने पर भी बल दिया गया।

राजस्व प्रकरणों पर चर्चा करते हुए समेकित कर और संपत्ति कर की वसूली बढ़ाने के लिए ठोस कदम उठाने को कहा गया। गोधाम निर्माण के प्रस्ताव जल्द पेश करने, सामाजिक सहायता पेंशन हितग्राहियों के ई-केवाईसी में तेजी लाने तथा लंबित निर्माण कार्यों को शीघ्र शुरू कर तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 1.0 और 2.0 के तहत स्वीकृत मकानों की प्रगति की भी समीक्षा हुई। जियो-टैगिंग समय पर पूरा करने और हितग्राहियों को किस्त की राशि समय पर उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। जोन कमिश्नरों को जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर लंबित आवासों को जल्द पूरा कराने के निर्देश मिले। साथ ही पीएम स्वनिधि योजना के लंबित प्रकरणों में बैंकों के साथ बेहतर तालमेल स्थापित कर सभी मामलों के निराकरण और लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति पर बल दिया गया।

मासिक समीक्षा बैठक में नगर निगम कोरबा के आयुक्त आशुतोष पांडेय, सहायक कलेक्टर क्षितिज गुरवेले, अपर आयुक्त विनय मिश्रा सहित विभिन्न जोन कमिश्नर तथा पाली, छुरी, कटघोरा, दीपका और बाकीमोंगरा के मुख्य नगर पालिका अधिकारी मौजूद रहे।