कोरबा में नीति आयोग के संपूर्णता अभियान 2.0 का शुभारंभ, मंत्री लखनलाल देवांगन ने तय किए विकास के नए लक्ष्य

13

The Duniyadari :कोरबा, 31 जनवरी (वेदांत समाचार)। नीति आयोग के आकांक्षी जिला कार्यक्रम के अंतर्गत संपूर्णता अभियान 2.0 का जिला स्तरीय शुभारंभ आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य, उद्योग, आबकारी, सार्वजनिक उपक्रम एवं श्रम मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने की।

इस अवसर पर मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि संपूर्णता अभियान 1.0 के दौरान कोरबा जिले ने निर्धारित संकेतकों पर सुनियोजित कार्य करते हुए उल्लेखनीय प्रगति की है। उसी अनुभव को आधार बनाकर अब संपूर्णता अभियान 2.0 के माध्यम से जिले को विकास की तेज गति से आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में नीति आयोग द्वारा यह अभियान शुरू किया गया है, ताकि आकांक्षी जिलों में शासन की योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंच सकें।

मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि सरपंचों, जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों के आपसी समन्वय से ही अभियान के लक्ष्यों को प्राप्त किया जा सकता है। योजनाओं का लाभ सही पात्र तक पहुंचे, इसके लिए सभी को जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि जनजागरूकता और बेहतर कार्य निष्पादन के आधार पर उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किए जाने का प्रावधान भी अभियान में शामिल है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने बताया कि आकांक्षी जिला योजना के तहत शासन द्वारा चयनित जिलों और ब्लॉकों में तीव्र विकास सुनिश्चित करने के लिए विशेष रणनीति के साथ कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आगामी तीन माह तक सभी संबंधित विभाग फील्ड स्तर पर ठोस कार्ययोजना के अनुसार गतिविधियां संचालित करेंगे। संपूर्णता अभियान 2.0 आज से प्रारंभ होकर 14 अप्रैल तक चलेगा, जिसमें स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण और कृषि क्षेत्रों में ठोस परिणाम हासिल करने का लक्ष्य रखा गया है।

कलेक्टर ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रमुख संकेतकों को तय समय सीमा में संतृप्त करना है, ताकि पिछले वर्ष की उपलब्धियों को और मजबूत किया जा सके। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी विभाग मिलकर शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करेंगे।

इस दौरान पार्षद श्री नरेन्द्र देवांगन ने अभियान की सफलता की कामना करते हुए कहा कि संबंधित विभाग निर्धारित मानकों पर प्रभावी कार्य करें, जिससे योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचे। जिला पंचायत सीईओ श्री दिनेश नाग ने अभियान के उद्देश्यों और कार्यप्रणाली की विस्तार से जानकारी दी।

संपूर्णता अभियान 2.0 के प्रमुख लक्ष्य:

अभियान का उद्देश्य विभिन्न विभागों के बीच बेहतर अभिसरण स्थापित कर समग्र विकास को गति देना है। इसमें स्वयं सहायता समूहों, स्थानीय नेतृत्व और सामुदायिक मंचों की सक्रिय भागीदारी के साथ जनसहभागिता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया है।

स्वास्थ्य एवं पोषण क्षेत्र में नवजात शिशुओं के वजन में सुधार, टीबी मामलों की पहचान में वृद्धि तथा ग्राम एवं शहरी स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस के नियमित आयोजन को प्राथमिक संकेतक बनाया गया है। वहीं शिक्षा और कृषि क्षेत्र में क्रियाशील बालिका शौचालय वाले विद्यालयों का प्रतिशत बढ़ाना और टीकाकृत पशुओं की संख्या में वृद्धि भी प्रमुख लक्ष्यों में शामिल है।