The Duniyadari: कोरबा। शहर के पुराना बस स्टैंड इलाके में संचालित विदेशी मदिरा दुकान को हटाने की मांग अब व्यापक रूप लेती जा रही है। क्षेत्र की सामाजिक परिस्थितियों और कानून-व्यवस्था पर पड़ रहे प्रभाव को देखते हुए विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और व्यापारी संगठनों ने प्रशासन से दुकान को किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की है।
वार्ड क्रमांक 12 की पार्षद श्रीमती सुलोचना यादव ने भी इस मांग का समर्थन करते हुए संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजा है। उनके साथ-साथ जिला चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, रोटरी क्लब कोरबा, मध्य नगरीय व्यापारी संघ, सरस्वती शिशु मंदिर (पुराना बस स्टैंड), गुरु सिंह सभा (इतवारी बाजार), श्री श्याम मित्र मंडल, श्री पंचदेव मंदिर सेवा समिति, श्री श्वेतांबर जैन समिति तथा श्री राम जानकी मंदिर (पुराना बस स्टैंड) सहित कई संगठनों ने लिखित रूप से आपत्ति दर्ज कराई है।
संगठनों का कहना है कि जिस स्थान पर वर्तमान में मदिरा दुकान संचालित हो रही है, वह घनी आबादी और अत्यंत संवेदनशील क्षेत्र है। आसपास मंदिर, स्कूल और व्यावसायिक प्रतिष्ठान स्थित हैं। यह इलाका शहर का प्रमुख आवागमन केंद्र भी है, जहां दिनभर महिलाओं, विद्यार्थियों और परिवारों की आवाजाही बनी रहती है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि दुकान के कारण अक्सर असामाजिक तत्वों की भीड़ लगती है, जिससे गाली-गलौज, विवाद और मारपीट जैसी घटनाएं सामने आती रहती हैं। इससे क्षेत्र का माहौल प्रभावित हो रहा है और लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। व्यापारियों का भी कहना है कि इससे न केवल सामाजिक वातावरण बिगड़ रहा है, बल्कि यातायात व्यवस्था और आसपास के शिक्षण संस्थानों का माहौल भी प्रभावित हो रहा है।
सभी संगठनों ने प्रशासन से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए विदेशी मदिरा दुकान को जल्द से जल्द किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाए, ताकि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और स्वस्थ सामाजिक वातावरण सुनिश्चित हो सके।
































