Wednesday, May 20, 2026
Home Breaking कोरबा में पुरानी दुश्मनी ने लिया हिंसक रूप, घर में घुसकर महिलाओं-बच्चों...

कोरबा में पुरानी दुश्मनी ने लिया हिंसक रूप, घर में घुसकर महिलाओं-बच्चों से मारपीट

3

The Duniyadari: कोरबा शहर के सीतामढ़ी क्षेत्र में मंगलवार रात उस समय तनाव फैल गया, जब पुरानी रंजिश को लेकर कुछ युवकों ने एक परिवार पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि 15 से 20 लोगों का समूह लाठी-डंडों के साथ इलाके में पहुंचा और एक मकान में जबरन घुसकर परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट शुरू कर दी। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, हमलावर सीधे नैना गोस्वामी के घर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने पहले घर का दरवाजा तोड़ा और फिर अंदर मौजूद महिलाओं, बच्चों तथा अन्य परिजनों को निशाना बनाया। परिवार की महिलाओं के साथ अभद्रता किए जाने की बात भी सामने आई है।

घटना में घायल हुई नैना गोस्वामी ने बताया कि पुराने विवाद के कारण आरोपियों ने हमला किया। उनके मुताबिक, घर में घुसते ही बदमाशों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से घर में अफरा-तफरी मच गई।

शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। हमले में नैना गोस्वामी और उनकी बहन को गंभीर चोटें आई हैं।

पीड़ित परिवार ने मामले की शिकायत कोतवाली थाना और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में दर्ज कराते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।