The Duniyadari: कोरबा, 04 फरवरी। जिले के उरगा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। संडेल गांव के समीप एक युवक ने अपनी प्रेमिका पर धारदार हथियार से हमला कर उसका गला रेत दिया, इसके बाद स्वयं भी आत्मघाती कदम उठा लिया। इस घटना में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवती गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार युवक और युवती दोनों बिलासपुर जिले के निवासी थे। वे देर रात बिलासपुर से उरगा थाना क्षेत्र पहुंचे थे। सुबह यह खौफनाक घटना सामने आने से इलाके में हड़कंप मच गया।
मोबाइल चैटिंग बनी जीवन रक्षक
हमले के बाद घायल युवती ने हिम्मत दिखाते हुए मोबाइल के जरिए अपने परिजनों से संपर्क किया। उसने चैटिंग के माध्यम से घटना की जानकारी दी और अपनी लोकेशन साझा कर मदद मांगी। परिजनों ने तत्काल बिलासपुर कोतवाली पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद कोरबा पुलिस को अलर्ट किया गया। सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
युवती गंभीर, युवक की मौत
पुलिस ने घटनास्थल से युवक का शव बरामद किया और घायल युवती को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल, कोरबा में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। युवती की हालत नाजुक बताई जा रही है।
पहचान और पृष्ठभूमि
घायल युवती की पहचान 22 वर्षीय निशा उर्फ प्रतीक्षा, निवासी कश्यप कॉलोनी, बिलासपुर के रूप में हुई है। वहीं मृतक युवक 28 वर्षीय शुभम नायडू, निवासी सरकंडा, बिलासपुर बताया गया है। पुलिस के अनुसार युवक शादीशुदा था और एक बच्चे का पिता भी था। पति-पत्नी के बीच विवाद की बात भी सामने आई है। युवती मंगलवार रात करीब 9 बजे घर से लापता हुई थी, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट बिलासपुर में दर्ज कराई गई थी।
इशारों में बताया घटनाक्रम
पुलिस के पहुंचने तक युवक की मौत हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल युवती ने इशारों में बताया कि युवक ने पहले उस पर हमला किया और फिर खुद को भी गंभीर रूप से घायल कर लिया।
जांच जारी
एडिशनल एसपी लखन पटले ने बताया कि घटनास्थल से एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है और एफएसएल टीम द्वारा साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम संबंध से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। युवती के परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की गहन जांच कर रही है।
































