Thursday, March 26, 2026
Home Breaking कोरबा में बारात के दौरान खूनी विवाद, युवक पर चाकू से हमला,...

कोरबा में बारात के दौरान खूनी विवाद, युवक पर चाकू से हमला, हालत गंभीर

12

The Duniyadari: कोरबा- जिले में पुलिस जहां एक ओर संदिग्धों पर नकेल कसने के लिए सरप्राइज चेकिंग अभियान चला रही है, वहीं दूसरी ओर कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। कोतवाली थाना क्षेत्र के पुरानी बस्ती में बारात के दौरान हुए विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना 25 मार्च की रात करीब 10 बजे की है। घायल युवक की पहचान दुरपा रोड निवासी 24 वर्षीय संदीप भारद्वाज के रूप में हुई है, जो एक कार सर्विस सेंटर में अकाउंटेंट के तौर पर काम करता है।

बताया जा रहा है कि पुरानी बस्ती इलाके में एक बारात आई हुई थी। इस दौरान कुछ युवक डीजे की तेज आवाज पर एक वाहन के ऊपर चढ़कर नाच रहे थे। इससे आसपास मौजूद लोगों को परेशानी हो रही थी और दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई थी। इसी बीच संदीप ने युवकों को वाहन से नीचे उतरकर नाचने की समझाइश दी।

संदीप की यह बात कुछ युवकों को नागवार गुजरी और उनके बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट की स्थिति बन गई। इसी दौरान पांडु नामक युवक ने अपने पास रखा धारदार चाकू निकालकर संदीप पर हमला कर दिया। आरोपी ने पेट पर वार करने की कोशिश की, लेकिन संदीप के मुड़ जाने से चाकू का वार उसके कूल्हे के नीचे लग गया।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल संदीप को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि मामले में गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।