Thursday, April 2, 2026
Home Breaking कोरबा में बालको प्रोजेक्ट ठप, मजदूरों की हड़ताल से कामकाज प्रभावित

कोरबा में बालको प्रोजेक्ट ठप, मजदूरों की हड़ताल से कामकाज प्रभावित

12

The Duniyadari: कोरबा- भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (BALCO) के विस्तार प्रोजेक्ट में कार्यरत श्रमिकों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन का रास्ता अपनाते हुए काम बंद कर दिया है। लार्सन एंड टुब्रो (L&T) के अधीन काम कर रहे सैकड़ों मजदूर दूसरे दिन भी हड़ताल पर रहे और सुबह से ही प्रोजेक्ट परिसर में प्रदर्शन करते हुए कामकाज पूरी तरह रोक दिया।

कार्यालयों का घेराव, नारेबाजी

आंदोलनरत कर्मचारियों ने प्रोजेक्ट क्षेत्र के भीतर मौजूद कार्यालयों का घेराव कर जोरदार नारेबाजी की। श्रमिकों के विरोध के चलते प्रोजेक्ट में चल रहे अधिकांश कार्य प्रभावित हो गए और निर्माण गतिविधियां थम गईं।

वेतन और सुविधाओं को लेकर नाराजगी

मजदूरों का कहना है कि उन्हें अन्य इकाइयों के समान वेतन और सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। उनका दावा है कि पानीपत और सिंगरौली स्थित प्लांटों में कर्मचारियों को बेहतर दरों पर भुगतान किया जा रहा है, जबकि कोरबा प्रोजेक्ट में पुराने वेतनमान लागू हैं। इसे लेकर श्रमिकों ने असंतोष जताते हुए समान वेतन की मांग उठाई है।

निर्माण कार्य पर असर

हड़ताल में इलेक्ट्रीशियन, फिटर, वेल्डर और हेल्पर बड़ी संख्या में शामिल हैं। श्रमिकों के आंदोलन के चलते प्रोजेक्ट में चल रहे निर्माण कार्यों की रफ्तार पूरी तरह थम गई है।

प्रबंधन की प्रतिक्रिया का इंतजार

इस पूरे मामले में प्रबंधन से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन फिलहाल आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। बताया जा रहा है कि जल्द ही कंपनी की ओर से स्थिति स्पष्ट की जाएगी।