Saturday, March 7, 2026
Home कोरबा कोरबा में बेकाबू ट्रेलर घर में घुसा, गर्भवती महिला की मौत के...

कोरबा में बेकाबू ट्रेलर घर में घुसा, गर्भवती महिला की मौत के बाद ग्रामीणों का चक्काजाम

27

The Duniyadari: कोरबा के हरदी बाजार थाना क्षेत्र के मुड़ापार बाजार पारा में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार से आ रहा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क पार करते हुए सीधे एक मकान में जा घुसा। हादसे के समय घर के आंगन में काम कर रही 25 वर्षीय शशि बाई सूर्यवंशी इसकी चपेट में आ गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने तुरंत सड़क पर चक्काजाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रेलर गलत दिशा से आ रहा था और अचानक नियंत्रण खो बैठा। वाहन सीधे भोलाराम सूर्यवंशी के घर में जा टकराया। टक्कर इतनी तेज थी कि आसपास अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। परिवार के सदस्यों के मुताबिक, उस वक्त बच्चे भी आंगन में मौजूद थे, जिन्हें शोर सुनते ही अंदर भेजा गया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

घटना के बाद गांव में भारी आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, जिससे आए दिन खतरा बना रहता है। लोगों ने मृतका के परिवार को उचित मुआवजा और घर को हुए नुकसान की भरपाई की मांग की है। मांगें पूरी होने तक चक्काजाम जारी रखने की चेतावनी दी गई। बताया जा रहा है कि मृतका गर्भवती थी और उसके दो छोटे बच्चे हैं, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने की कोशिश में जुट गए। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।