The Duniyadari: कोरबा- राजनीतिक गतिविधियों से अलग सामाजिक सरोकार को बढ़ावा देने की दिशा में पूर्व सांसद सरोज पाण्डेय ने जिले की महिलाओं के लिए एक विशेष कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की है। 12 अप्रैल को शाम 4 बजे होने वाले इस आयोजन में महिलाएं बचपन के पारंपरिक खेलों के जरिए मनोरंजन के साथ-साथ आपसी संवाद और सामूहिकता का अनुभव करेंगी।
प्रेस वार्ता में दी जानकारी
इस आयोजन को लेकर सरोज पाण्डेय ने प्रेस वार्ता आयोजित कर कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि यह आयोजन पूरी तरह गैर-राजनीतिक होगा और इसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं को मानसिक तनाव से राहत देना तथा उन्हें एक सकारात्मक मंच उपलब्ध कराना है। प्रेस वार्ता के दौरान जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, विकास अग्रवाल, हितानंद सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
आयु वर्ग के अनुसार प्रतियोगिता
महिलाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रतियोगिताओं को दो आयु वर्गों में बांटा गया है —
18 वर्ष तक की युवतियां
18 वर्ष से अधिक आयु की महिलाएं
दोनों वर्गों में बेहतर प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे।
पहली बार होगा ऐसा आयोजन
जिले में पहली बार किसी जनप्रतिनिधि की पहल पर इस तरह का सामाजिक और गैर-राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। आयोजन की घोषणा के बाद महिलाओं में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।
खेल के साथ मिलेगा संवाद का अवसर
कार्यक्रम केवल खेल प्रतियोगिताओं तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह महिलाओं को एक ऐसा मंच देगा जहां वे दैनिक जीवन की व्यस्तताओं से दूर होकर बचपन की यादों को ताजा कर सकेंगी और आपसी रिश्तों को मजबूत बना सकेंगी।















