कोरबा में रेलवे प्रोजेक्ट से लाखों का गबन, कंपनी के अंदरूनी खेल का पुलिस ने किया खुलासा

26

The Duniyadari: कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में गेवरा रोड–पेंड्रा रोड के बीच बन रही नई रेलवे लाइन से जुड़ा एक बड़ा गबन मामला उजागर हुआ है। कटघोरा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए निर्माण कंपनी में कार्यरत जेसीबी ऑपरेटर सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से लगभग 25.06 लाख रुपये की चोरी की सामग्री और वाहन बरामद किया है।

पुलिस जांच में सामने आया कि जेसीबी ऑपरेटर तेजबहादुर पटेल लंबे समय से रेलवे प्रोजेक्ट में इस्तेमाल होने वाली सामग्री को चोरी कर कबाड़ी को बेच रहा था। इस पूरे मामले में कंपनी के ही कर्मचारी राहुल सिंह मरकाम की भी भूमिका पाई गई है। दोनों ने आपसी सांठगांठ से इस गबन को अंजाम दिया।

यह मामला 28 जनवरी की रात का है, जब गेवरा–पेंड्रा रेलवे लाइन परियोजना के अंतर्गत सिंघिया और सुतर्रा स्थित रेलवे स्टोर से लोहे के स्लीपर और अन्य सामग्री गायब पाई गई। निर्माण कार्य कर रही इंटरनेशनल लिमिटेड कंपनी ने इसकी शिकायत कटघोरा थाने में दर्ज कराई थी।

शिकायत मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की और कंपनी कर्मचारियों, सुरक्षा गार्डों समेत कई लोगों से पूछताछ की। जांच में यह साफ हो गया कि यह कोई बाहरी चोरी नहीं, बल्कि कंपनी के अंदर से किया गया सुनियोजित गबन है। आरोपियों ने शुरुआत में इसे बाहरी चोरी का रूप देने की भी कोशिश की थी।

सबूत मिलने के बाद पुलिस ने बीएनएस की धारा 316(5), 317(2), 317(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया। हिरासत में पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी में इस्तेमाल की गई जेसीबी मशीन, रेलवे लोहे के स्लीपर के टुकड़े और नकद रकम जब्त की है। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि प्रकरण से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच अभी जारी है।