Tuesday, March 24, 2026
Home कोरबा कोरबा में सड़क पर दो अलग-अलग हादसे, तीन बाइक सवार सुरक्षित

कोरबा में सड़क पर दो अलग-अलग हादसे, तीन बाइक सवार सुरक्षित

49

The Duniyadari : कोरबा जिले में गुरुवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन बाइक सवार गंभीर दुर्घटना से बच निकले। दोनों ही घटनाओं में हेलमेट और समय पर मिली मदद ने बड़ा नुकसान होने से रोक दिया।

पहली घटना बालको थाना क्षेत्र के दर्री मुख्य मार्ग पर डेम चौक के पास सामने आई। यहां तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में दो दोपहिया वाहन आ गए। एक मोपेड सवार मछली बेचने के लिए जा रहा था, जबकि दूसरा युवक बाइक से गुजर रहा था। ट्रेलर की टक्कर से मोपेड ट्रेलर के पहियों के नीचे फंस गई और चालक भी नीचे गिर पड़ा, लेकिन किसी तरह जान बच गई। वहीं दूसरे बाइक सवार ने हेलमेट पहन रखा था, जिससे टक्कर के बाद दूर जा गिरने के बावजूद वह गंभीर चोट से बच गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।

दूसरी घटना उरगा थाना क्षेत्र के कनकी गांव के पास हुई। यहां एक बोरवेल वाहन ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। युवक कोरबा से काम निपटाकर पतोरा स्थित अपने घर लौट रहा था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक वाहन के नीचे चली गई और युवक भी पहियों के नीचे आ गया। हालांकि चालक ने समय रहते ब्रेक लगा दिया, जिससे उसकी जान बच गई। बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलते ही उरगा पुलिस मौके पर पहुंची, घायल को अस्पताल भिजवाया और मामले की जांच शुरू कर दी।

फिलहाल तीनों घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है और पुलिस दोनों घटनाओं में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।