The Duniyadari: कोरबा। जिले के उरगा थाना क्षेत्र में प्रेम संबंध से जुड़ा एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। सन्डैल नाला के पास एक युवक ने युवती पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया और इसके बाद खुद पर भी वार कर आत्मघाती कदम उठा लिया। इस घटना में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।
हिम्मत दिखाते हुए घायल युवती ने 112 पर कॉल कर मदद मांगी और साथ ही परिजनों को वीडियो कॉल कर घटना की जानकारी व अपनी लोकेशन भेजी। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया। जांच के बाद डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया, वहीं युवती की नाजुक हालत को देखते हुए उसे बिलासपुर रेफर किया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। घायल युवती बिलासपुर की निवासी है, जबकि मृत युवक शुभम नायडू भी बिलासपुर का रहने वाला था और विवाहित बताया जा रहा है। दोनों के बारे में यह भी सामने आया है कि वे बीती रात से लापता थे और बिलासपुर से कोरबा पहुंचे थे, जहां यह घटना हुई।
घटना की खबर मिलते ही उरगा पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है, जिनके आने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पुलिस ने बताया कि युवती के लापता होने की सूचना पहले ही दर्ज कराई जा चुकी थी और उसकी तलाश की जा रही थी।
































