The Duniyadari: कोरबा जिले के चैतमा चौकी क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। ग्राम बर्रा में मंगलवार देर रात घर में सो रहे एक बुजुर्ग पर अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमलावरों ने बेरहमी की हद पार करते हुए उनकी एक आंख तक निकाल दी और मौके से फरार हो गए।
घायल बुजुर्ग हीरा सिंह सरुता (80 वर्ष) को गंभीर हालत में पहले प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद उन्हें जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि घटना रात करीब साढ़े 11 बजे की है, जब बुजुर्ग अपने घर में सो रहे थे। इसी दौरान हमलावरों ने अचानक धावा बोल दिया। उनकी चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी भाग चुके थे।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। खासतौर पर ‘बच्चा चोर गिरोह’ को लेकर तरह-तरह की अफवाहें फैलने लगी हैं, हालांकि पुलिस ने इस तरह की किसी भी बात की पुष्टि नहीं की है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। चैतमा चौकी प्रभारी ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उनकी तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में सर्च अभियान चलाया जा रहा है। गांव में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है।















