The Duniyadari: कोरबा, 22 मार्च। शहर में वाहन चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला टीपी नगर क्षेत्र का है, जहां सहायक इंजीनियर की कार अज्ञात चोरों ने कुछ ही मिनटों में पार कर दी।
जानकारी के मुताबिक, कोरबा पूर्व डीएसपीएम में पदस्थ सहायक इंजीनियर किशोर कुमार 18 मार्च की रात अपने मित्र रूपेश ठाकुर के साथ टीपी नगर स्थित एक होटल में भोजन करने पहुंचे थे। उन्होंने अपनी ब्रेजा कार होटल के बाहर खड़ी की और अंदर चले गए।
करीब 40-45 मिनट बाद जब दोनों वापस लौटे, तो कार मौके से गायब थी। आसपास काफी तलाश करने के बाद भी वाहन का कोई सुराग नहीं मिला, जिससे उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
बताया जा रहा है कि कार के अंदर रूपेश ठाकुर का मोबाइल फोन भी रखा हुआ था, जो चोरी के साथ ही गायब हो गया। वाहन की कीमत लाखों में बताई जा रही है।
मामले में सीएसईबी पुलिस सहायता केंद्र ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से चोरों की तलाश में जुटी हुई है।















