The Duniyadari: कोरबा, 11 जनवरी 2026। छत्तीसगढ़ शासन की खरीफ विपणन वर्ष 2025–26 की नीति के तहत जिले में धान उपार्जन का कार्य सुचारू रूप से जारी है। कोरबा जिले के 65 धान उपार्जन केंद्रों के माध्यम से पंजीकृत किसानों से समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी की जा रही है, जिससे किसानों में उत्साह का माहौल है।
जिला प्रशासन द्वारा धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने के लिए ऑनलाइन टोकन प्रणाली लागू की गई है। साथ ही बारदाने की पर्याप्त उपलब्धता, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन से सटीक तौल और किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जा रहा है। जिले में 52 हजार से अधिक किसान धान विक्रय के लिए पंजीकृत हैं।
धान खरीदी प्रारंभ होने से अब तक पंजीकृत किसानों से कुल 16 लाख 44 हजार 752 क्विंटल से अधिक गुणवत्तायुक्त धान की खरीदी की जा चुकी है। इसके साथ ही समितियों से धान के उठाव की प्रक्रिया भी तेज गति से चल रही है। अब तक कुल 10 लाख 89 हजार 936 क्विंटल धान का उठाव हो चुका है, जो कुल खरीदी का लगभग 66 प्रतिशत है।
जिला प्रशासन द्वारा हाथी प्रभावित एवं संवेदनशील धान खरीदी केंद्रों को प्राथमिकता देते हुए धान का उठाव कराया जा रहा है, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त संग्रहण केंद्रों की व्यवस्था की गई है तथा समितियों में धान की व्यवस्थित स्टैकिंग कर स्थान उपलब्ध कराया गया है।
प्रशासनिक प्रयासों से जिले में धान खरीदी एवं उठाव की प्रक्रिया निरंतर सुचारू बनी हुई है, जिससे किसानों को अपनी उपज विक्रय में सहूलियत मिल रही है।














