कोरबा में 5 जनवरी को विशाल निःशुल्क आयुर्वेद–योग एवं दंत चिकित्सा शिविर, पहले 100 मरीजों की BMD जांच मुफ्त

60

The Duniyadari : कोरबा। पतंजलि योगपीठ दिव्य योग मंदिर ट्रस्ट के 31वें एवं भारत स्वाभिमान के 17वें स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार, 5 जनवरी 2026 को कोरबा में एक विशाल निःशुल्क आयुर्वेद–योग एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर पतंजलि युवा भारत, लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट, नमामि हसदेव सेवा समिति, विश्व हिंदू परिषद, आरोग्य भारती, नीमा एवं आयुष मेडिकल एसोसिएशन के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित होगा।

शिविर का आयोजन पतंजलि चिकित्सालय एवं श्री शिव औषधालय, दुकान क्रमांक 10–11, महानदी कॉम्प्लेक्स, निहारिका कोरबा में प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक किया जाएगा। शिविर में दंत रोग, नेत्र जांच, रक्त शर्करा एवं रक्तचाप जांच के साथ-साथ अस्थि खनिज घनत्व (बोन मिनरल डेंसिटी) की जांच निःशुल्क की जाएगी।

शिविर के संबंध में जानकारी देते हुए पतंजलि योगपीठ हरिद्वार के आजीवन सदस्य नाड़ीवैद्य डॉ. नागेन्द्र नारायण शर्मा ने बताया कि गुजरात आयुर्वेद डेंटिस्ट्री के दंत चिकित्सक डॉ. विकास अग्रवाल विशेष रूप से अपनी सेवाएं देने आ रहे हैं। वे दांतों से संबंधित सभी रोगों का उपचार करेंगे। साथ ही ऐसे मरीज जिनके दांत सड़ चुके हैं या जिन्हें शुगर, बीपी अथवा अन्य कारणों से दांत निकलवाने में परेशानी है, उनके दांत आयुर्वेद की विशेष विधा जालंधर बंध द्वारा बिना एनेस्थीसिया और बिना दर्द के निकाले जाएंगे।

शिविर में पतंजलि योगपीठ हरिद्वार से प्रशिक्षित एवं छत्तीसगढ़ प्रांत की ख्यातिलब्ध नाड़ीवैद्या डॉ. वागेश्वरी शर्मा, नाड़ीवैद्य डॉ. नागेन्द्र नारायण शर्मा तथा संस्थान के संस्थापक नाड़ीवैद्य पंडित शिव कुमार शर्मा भी अपनी चिकित्सकीय सेवाएं प्रदान करेंगे।

आयोजकों ने बताया कि शिविर में प्रथम 100 रोगियों की लगभग 2200 रुपये मूल्य की बोन मिनरल डेंसिटी जांच दिल्ली से आए टेक्नीशियन द्वारा निःशुल्क की जाएगी। इसके आधार पर संबंधित रोगों के उपचार हेतु विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परामर्श भी दिया जाएगा। इसके अलावा रोगियों की रक्त शर्करा, रक्तचाप एवं आंखों की जांच निःशुल्क की जाएगी तथा आवश्यकता अनुसार चश्मे का नंबर भी दिया जाएगा।

शिविर में सभी रोगियों को रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाला इम्यूनिटी बूस्टर क्वाथ निःशुल्क पिलाया जाएगा। साथ ही योग, प्राणायाम का व्यक्तिगत प्रशिक्षण, दिनचर्या, ऋतुचर्या, आहार-विहार संबंधी विस्तृत परामर्श भी दिया जाएगा।

डॉ. नागेन्द्र नारायण शर्मा ने अंचलवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर शिविर का लाभ उठाने की अपील की है। शिविर में पंजीयन हेतु मोबाइल नंबर 9826111738 पर संपर्क कर समय निर्धारित किया जा सकता है, जिससे शिविरार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।