The Duniyadari : कोरबा, 01 जनवरी। नए साल और पिकनिक सीजन के चलते सतरेंगा क्षेत्र में पर्यटकों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है। इसी के साथ इलाके में अवैध महुआ शराब की गतिविधियों की शिकायतें भी सामने आने लगी थीं। पर्यटन स्थल के रूप में पहचान बना रहे सतरेंगा में शांति और सामाजिक माहौल बिगड़ने की आशंका को देखते हुए ग्रामीण पहले से ही नशाबंदी का निर्णय ले चुके हैं।
इसके बावजूद कुछ असामाजिक तत्व गांव से लगे जंगलों और पहाड़ी इलाकों में छिपकर महुआ शराब तैयार कर उसकी बिक्री कर रहे थे। हालात को गंभीर मानते हुए सतरेंगा की महिला समिति ने गांव की व्यवस्था को बिगड़ने से बचाने के लिए खुद मोर्चा संभाला। बुधवार को समिति की महिलाएं गांव के वरिष्ठ लोगों के साथ आसपास के जंगल और दुर्गम इलाकों में पहुंचीं।
हाथों में डंडे लिए महिलाओं को आते देख शराब बनाने में लगे लोग मौके से भाग निकले। इसके बाद महिलाओं ने जंगल में छिपाकर रखी गई शराब की भट्टियों को खोजकर नष्ट किया और तैयार की जा रही महुआ शराब को मौके पर ही खत्म कर दिया। इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
महिला समिति ने साफ कहा कि सतरेंगा अब तेजी से उभरता पर्यटन केंद्र है और यहां नशाखोरी से किसी भी तरह की अव्यवस्था को स्वीकार नहीं किया जाएगा। ग्रामीणों ने दो टूक शब्दों में कहा कि नशाबंदी का सख्ती से पालन कराया जाएगा और अवैध शराब के खिलाफ आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे। महिला समिति की इस पहल के बाद गांव में शांति और सुरक्षा को लेकर सकारात्मक माहौल बना हुआ है।
































