Saturday, April 11, 2026
Home Breaking खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई: दो खदानें सील, 7 हाइवा वाहन जब्त

खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई: दो खदानें सील, 7 हाइवा वाहन जब्त

27

The Duniyadari: आरंग विधानसभा क्षेत्र में अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। मंदिर हसौद इलाके में सहायक खनिज अधिकारी उमेश भार्गव के नेतृत्व में टीम ने दो चूना पत्थर (क्रेशर) खदानों को सील कर दिया, वहीं अवैध परिवहन में लगे 7 हाइवा वाहनों को भी जब्त किया गया।

जांच के दौरान खदान संचालकों के पास आवश्यक दस्तावेज अधूरे पाए गए। नियमों का उल्लंघन मिलने पर विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए खदानों को बंद कर दिया। जिन खदानों पर कार्रवाई की गई, उनमें सीजी एग्रो फार्म (विपिन अग्रवाल एवं के.सी. अग्रवाल) और जय कुमार बजाज की खदान शामिल हैं, जो मंदिर हसौद क्षेत्र में संचालित हो रही थीं।

कार्रवाई के दौरान टीम ने अवैध खनिज परिवहन पर भी सख्ती दिखाई। जांच में 7 हाइवा वाहन पकड़े गए, जिनमें एक वाहन रेत और 6 वाहन गिट्टी से भरे हुए थे। सभी वाहनों के पास वैध दस्तावेज नहीं पाए गए, जिससे शासन को राजस्व हानि की आशंका जताई गई। विभाग ने सभी वाहनों को जब्त कर आगे की वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।

सहायक खनिज अधिकारी उमेश भार्गव ने कहा कि अवैध खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए विभाग लगातार अभियान चला रहा है। उन्होंने बताया कि खनिज विभाग के संचालक रजत बंसल के निर्देश पर अब खदान संचालन को ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से पारदर्शी बनाया जा रहा है, ताकि अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।