The Duniyadari: महासमुंद जिले के प्रसिद्ध खल्लारी माता मंदिर में रविवार को हुए रोपवे हादसे ने एक और श्रद्धालु की जान ले ली। महासमुंद निवासी 50 वर्षीय गोविंद स्वामी ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। उनका इलाज MMI अस्पताल में चल रहा था, जहां मंगलवार को उनकी मौत हो गई। हादसे में उनकी पत्नी और बच्ची अभी भी घायल बताई जा रही हैं।
जानकारी के अनुसार, नवरात्रि के चौथे दिन रविवार सुबह बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर दर्शन के लिए पहुंचे थे। मंदिर पहाड़ी पर स्थित होने के कारण श्रद्धालु रोपवे का उपयोग कर रहे थे। इसी दौरान अचानक रोपवे का केबल टूट गया, जिससे ट्रॉली बीच रास्ते में जोरदार झटके के साथ नीचे की ओर आ गई। इस हादसे में ट्रॉली में सवार कई लोग घायल हो गए और मौके पर अफरातफरी मच गई।
इस घटना में पहले ही एक महिला श्रद्धालु की मौत हो चुकी थी। मृतका की पहचान रायपुर की 28 वर्षीय शिक्षिका आयुषी साठकर के रूप में हुई थी, जबकि उनके पति ऋषभ गंभीर रूप से घायल हैं।
बताया जा रहा है कि यह रोपवे करीब दो वर्ष पहले स्थापित किया गया था और इसके संचालन व रखरखाव की जिम्मेदारी रोपवे एंड रिसॉर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड को दी गई थी। खास बात यह है कि चार दिन पहले ही रोपवे का मेंटेनेंस किया गया था, जिसके बाद हुए हादसे ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।















