Tuesday, October 20, 2026
Home Breaking खूनी भिड़ंत: पुरानी रंजिश ने लिया गैंगवार का रूप, दोनों पक्षों ने...

खूनी भिड़ंत: पुरानी रंजिश ने लिया गैंगवार का रूप, दोनों पक्षों ने दर्ज कराई FIR

73

The Duniyadari: रायपुर में गैंगवार की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। भाठागांव इलाके में हुई घटना के दो दिन बाद अब खमतराई थाना क्षेत्र के बालाजी होटल चौक स्थित आरवीएच कॉलोनी में सोमवार शाम दो गुटों के बीच जमकर मारपीट और हथियारों से हमला होने का मामला सामने आया है। सरेआम हुई इस हिंसक झड़प से इलाके में दहशत फैल गई।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, शाम करीब 5:30 बजे अमन ठाकुर, आयुष ठाकुर, पीयूष सिंह और दूसरी ओर अनिकेत डोंगरे व जीवन डोंगरे आमने-सामने आ गए। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। आमना-सामना होते ही पहले कहासुनी हुई, फिर गाली-गलौज शुरू हो गई और देखते ही देखते मामला हिंसक झड़प में बदल गया।

आरोप है कि विवाद के दौरान अनिकेत डोंगरे ने लोहे जैसी वस्तु से अमन ठाकुर पर हमला कर दिया। जवाब में अमन ने भी धारदार कटारनुमा हथियार से वार किया। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की मौजूदगी में किसी तरह दोनों पक्ष अलग हुए।

घटना के बाद देर रात दोनों गुट खमतराई थाने पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ हत्या की नीयत से हमला करने की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है।