Saturday, March 28, 2026
Home Breaking खेलते समय सांप ने डसा: 9 वर्षीय मासूम की इलाज के दौरान...

खेलते समय सांप ने डसा: 9 वर्षीय मासूम की इलाज के दौरान मौत, गांव में पसरा मातम

8

The Duniyadari: बिलासपुर। जिले के घुटकू गांव में एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। घर की बाड़ी में खेल रहे 9 वर्षीय अंकित प्रजापति की जहरीले सांप के काटने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर फैल गई।

जानकारी के अनुसार, अंकित अपने दोस्तों के साथ घर के पास खेल रहा था। इसी दौरान अचानक झाड़ियों के बीच छिपे सांप ने उसे काट लिया। शुरुआत में परिजन इसे सामान्य घटना समझ बैठे, लेकिन थोड़ी ही देर में बच्चे की तबीयत बिगड़ने लगी। बच्चे की हालत बिगड़ते देख परिवार के लोग घबरा गए और उसे तुरंत गनियारी अस्पताल लेकर पहुंचे।

गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद अंकित को बिलासपुर स्थित सिम्स अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने के बाद भी उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ और इलाज के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया।

घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी इस हादसे से स्तब्ध हैं। 😔

स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय लोगों ने इस घटना के बाद सावधानी बरतने की अपील की है। बरसात या गर्मी के मौसम में झाड़ियों, बाड़ियों और खुले स्थानों पर बच्चों को खेलने से रोकने की सलाह दी जा रही है।