Saturday, April 25, 2026
Home Breaking खौफनाक हमला: आरक्षक के घर में घुसकर महिला ने मां-बेटे की ली...

खौफनाक हमला: आरक्षक के घर में घुसकर महिला ने मां-बेटे की ली जान, बेटी ICU में

12

The Duniyadari: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। स्मृति नगर चौकी क्षेत्र स्थित STF कॉलोनी में एक महिला ने आरक्षक के घर में घुसकर उसके परिवार पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।

इस हमले में आरक्षक की पत्नी और 9 साल के बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में जिंदगी के लिए संघर्ष कर रही है।

बताया जा रहा है कि आरोपी महिला अचानक घर में दाखिल हुई और बिना किसी चेतावनी के ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया। हमला इतना अचानक था कि परिवार को बचाव का मौका तक नहीं मिल सका। घर में मौजूद एक अन्य बच्चे ने किसी तरह खुद को बाथरूम में छिपाकर अपनी जान बचाई।

घटना के बाद कॉलोनी में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला सरोजनी भारद्वाज को गिरफ्तार कर लिया है।

प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी महिला और आरक्षक नितेश यादव के बीच कथित संबंधों को लेकर विवाद चल रहा था।

इसी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम देने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि घटना से एक दिन पहले भी महिला घर पहुंची थी, लेकिन उसे समझाकर वापस भेज दिया गया था।

फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पूरे मामले की गहराई से पड़ताल की जा रही है और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।