The Duniyadari: रायपुर। गंदे पानी की शिकायत मिलने के बाद नगर पालिक निगम रायपुर के आयुक्त विश्वदीप ने लभांडी स्थित संकल्प सोसायटी फेस-2 का निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रभावित रहवासियों को तत्काल राहत देने के निर्देश दिए। आयुक्त ने पेयजल टैंकरों के माध्यम से साफ पानी उपलब्ध कराने, बंद पड़ी वाटर एटीएम मशीन की मरम्मत कर उसे दोबारा शुरू करने और गंदे पानी की निकासी के लिए जल्द नाला निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने को कहा।
आयुक्त के निर्देश के बाद नगर निगम जोन 9 के जल विभाग ने जोरा पानी टंकी की सफाई करवाई और टैंकरों के जरिए स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था शुरू कर दी। वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मेडिकल मोबाइल यूनिट के माध्यम से क्षेत्र में स्वास्थ्य शिविर लगाया, जहां रहवासियों की जांच कर आवश्यक परामर्श और दवाइयां वितरित की गईं।
निरीक्षण के दौरान जोन 9 के अधिकारी भी मौजूद रहे, जिनमें जोन कमिश्नर राकेश शर्मा, कार्यपालन अभियंता शरद ध्रुव, उपअभियंता आशुतोष पाण्डेय, रविप्रभात साहू और अंकिता जनार्दन शामिल रहे।















