Wednesday, March 4, 2026
Home Uncategorized गरीब मरीजों को राहत, केंद्र ने आयुष्मान के लिए दी 130 करोड़...

गरीब मरीजों को राहत, केंद्र ने आयुष्मान के लिए दी 130 करोड़ की सौगात

72

The Duniyadari : रायपुर। केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ को वित्तीय वर्ष 2025–26 के लिए आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत 130 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि जारी की है। इससे अब तक राज्य को कुल 505 करोड़ रुपये प्राप्त हो चुके हैं। इस फंड से निजी अस्पतालों द्वारा प्रस्तुत दावों का समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे मरीजों को उपचार में किसी प्रकार की बाधा न हो।

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि राज्य के पंजीकृत निजी अस्पतालों में आयुष्मान कार्डधारकों का इलाज लगातार जारी है। प्रतिदिन लगभग 1,600 से 1,700 दावे अस्पतालों द्वारा प्रस्तुत किए जा रहे हैं, जिनकी कुल राशि प्रतिदिन 4 करोड़ रुपये से अधिक होती है। मंत्री ने कहा कि इस अतिरिक्त फंडिंग से योजना का संचालन और भी सुचारू होगा और गरीब व जरूरतमंद मरीजों को समय पर बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जा सकेगा।