The Duniyadari: Raipur में एक कॉलेज छात्र पर गर्लफ्रेंड से बातचीत करने के शक में जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर छात्र को मिलने के बहाने बुलाया और फिर उस पर पत्थर और चाकू से हमला कर दिया। घायल छात्र ने किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद उसने अस्पताल में इलाज कराने के बाद पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।
जानकारी के मुताबिक पीड़ित छात्र रामसागरपारा इलाके का रहने वाला है और विवेकानंद कॉलेज में बीकॉम चौथे सेमेस्टर का छात्र है। छात्र ने पुलिस को बताया कि उसकी पहचान कॉलेज में पढ़ने वाली एक छात्रा के जरिए मोवा-सड्डू निवासी दिव्यांत देहरे से हुई थी। दोनों के बीच पिछले कुछ महीनों से सामान्य बातचीत होती थी।
पीड़ित के अनुसार 23 मई को आरोपी ने फोन कर छात्रा से बातचीत को लेकर पूछताछ की थी। छात्र ने पढ़ाई से जुड़ी सामान्य बातचीत होने की बात कही। इसके अगले दिन आरोपी ने दोबारा फोन कर नाराजगी जताई और कथित तौर पर धमकी देते हुए मिलने के लिए बुलाया। डर के कारण छात्र वहां नहीं पहुंचा।
बताया जा रहा है कि 25 मई की रात आरोपी ने फिर कॉल कर जरूरी बात करने के बहाने छात्र को आजाद चौक क्षेत्र बुलाया। छात्र अपने दो दोस्तों के साथ खपराभट्टी स्थित काली मंदिर के पास पहुंचा, जहां पहले से मौजूद आरोपी और उसके साथियों ने विवाद शुरू कर दिया।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने गुस्से में छात्र के सिर पर पत्थर से हमला कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोट आई। इसके बाद चाकू से हमला करने की कोशिश की गई। बचाव के दौरान छात्र के कुल्हे में चोट लगी। घायल अवस्था में छात्र वहां से भाग निकला और बाद में इलाज के लिए AIIMS पहुंचा।
इलाज के बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।















