गिरौदपुरी धाम में संत समागम में शामिल हुए मुख्यमंत्री, गुरुगद्दी के दर्शन कर लिया आशीर्वाद

8

The Duniyadari: रायपुर, 22 फरवरी 2025। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रविवार को गिरौदपुरी धाम पहुंचे, जहां उन्होंने संत समागम एवं गुरु दर्शन मेले में भाग लिया। यह पावन स्थल बाबा गुरु घासीदास की जन्मस्थली और तपोभूमि के रूप में श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है।

मुख्यमंत्री ने गुरुगद्दी में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि बाबा गुरु घासीदास का “मनखे-मनखे एक समान” का संदेश सामाजिक समरसता और मानवता की भावना को मजबूत करता है। राज्य सरकार इसी विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए विकास कार्यों को गति दे रही है।

उन्होंने बताया कि गिरौदपुरी क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का निरंतर विस्तार किया जा रहा है। विशाल जैतखाम के निर्माण सहित विभिन्न जनसुविधाओं को विकसित किया गया है। मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए डिजिटल माध्यमों का भी उपयोग किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने स्वयं क्यूआर कोड स्कैन कर उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मंदिर का प्रसाद श्रद्धालुओं में वितरित किया। स्व-सहायता समूह की महिलाओं और स्थानीय लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर उत्साह व्यक्त किया।

तीन दिवसीय संत समागम एवं गुरु दर्शन मेला 22 फरवरी से प्रारंभ होकर 24 फरवरी 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। प्रदेश ही नहीं, देश-विदेश से सतनाम पंथ के अनुयायी बड़ी संख्या में यहां पहुंच रहे हैं।

कार्यक्रम में धर्मगुरु गुरु बालदास साहेब सहित जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।