गेवरा में स्वास्थ्य शिविर से लौट रहे डॉक्टर पर हमला, चार पर केस दर्ज

22

The Duniyadari : कोरबा, 30 दिसंबर। जिले के गेवरा–दीपका क्षेत्र में चिकित्सकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। नेहरू शताब्दी अस्पताल (एनसीएच) गेवरा में पदस्थ डॉक्टर डॉ. अर्पण विश्वास के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में हरदीबाजार थाना में शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम रलिया में सीएसआर गतिविधि के अंतर्गत नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया था। शिविर के दौरान इलाज कराने पहुंचे ग्रामीण रामनारायण पटेल को डॉ. विश्वास ने अन्य मरीजों की तरह कतार में लगकर उपचार कराने को कहा। इसी बात पर वह नाराज हो गया और कथित रूप से धमकी देकर चला गया।

आरोप है कि शिविर समाप्त होने के बाद जब डॉक्टर, अस्पताल स्टाफ और एम्बुलेंस कर्मी वापस लौट रहे थे, तभी रास्ते में रामनारायण पटेल, नीरज पटेल और उनके दो अन्य साथियों ने वाहन रोक लिया। इसके बाद डॉ. अर्पण विश्वास के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से हमला किया गया। मारपीट में डॉक्टर की आंख, सीने और पीठ में चोटें आई हैं।

बताया जा रहा है कि स्थिति बिगड़ते देख डॉक्टर और स्टाफ ने किसी तरह मौके से निकलकर दीपका थाना पहुंचकर अपनी जान बचाई। मामले में हरदीबाजार थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2), 351(3) और 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

इस घटना के बाद अस्पताल के चिकित्सकों और कर्मचारियों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। नेहरू शताब्दी अस्पताल के सीएमएस डॉ. कल्याण सरकार ने गेवरा मानव संसाधन स्टाफ ऑफिसर को लिखित शिकायत सौंपते हुए डॉक्टरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, निष्पक्ष जांच कराने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।