Wednesday, March 25, 2026
Home Breaking गैस सिलेंडर की कालाबाजारी पर सख्ती, केटरिंग प्रतिष्ठान से 23 सिलेंडर जब्त

गैस सिलेंडर की कालाबाजारी पर सख्ती, केटरिंग प्रतिष्ठान से 23 सिलेंडर जब्त

9

The Duniyadari: धमतरी- जिले में घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग पर लगाम लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। कलेक्टर के निर्देश के बाद खाद्य विभाग की टीम लगातार होटलों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में औचक निरीक्षण कर रही है। इसी क्रम में बुधवार को नगर निगम क्षेत्र में कई स्थानों पर दबिश दी गई।

जांच अभियान का नेतृत्व सहायक खाद्य अधिकारी भेलेन्द्र कुमार ध्रुव और निलेश चन्द्राकर ने किया, जबकि खाद्य निरीक्षक वैभव कोरटिया भी टीम में शामिल रहे। निरीक्षण के दौरान शांति कॉलोनी स्थित ‘मालिक केटर्स’ में बड़ी अनियमितता सामने आई।

विभागीय रिकॉर्ड के अनुसार प्रतिष्ठान के पास 40 व्यावसायिक गैस सिलेंडरों का कनेक्शन दर्ज है, लेकिन मौके पर केवल 23 खाली सिलेंडर ही पाए गए। बाकी 17 सिलेंडरों के संबंध में संचालक महेश कुमार रंगलानी से पूछताछ की गई, पर वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। सिलेंडरों की संख्या में इस बड़े अंतर को देखते हुए विभाग ने कालाबाजारी की आशंका जताई।

प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण विनियम) आदेश 2000 की कंडिका 03 और आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत मामला दर्ज किया है। साथ ही 23 इण्डेन व्यावसायिक सिलेंडर जब्त कर लिए गए हैं।

खाद्य विभाग के अनुसार जिले में अब तक घरेलू गैस के व्यावसायिक उपयोग और कालाबाजारी के मामलों में 34 प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की जा चुकी है। इन कार्रवाइयों के दौरान कुल 73 सिलेंडर जब्त किए गए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।