The Duniyadari: कोरबा, 09 मार्च घरेलू रसोई गैस सिलेंडर के दामों में 60 रुपये की वृद्धि को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर में विरोध प्रदर्शन किया। शनिवार को टीपी नगर चौक में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता एकत्रित हुए और महंगाई के मुद्दे पर केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर अपना विरोध जताया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई के कारण आम जनता का जीवन प्रभावित हो रहा है। रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों का घरेलू बजट बिगड़ गया है और लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
इस दौरान पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि केंद्र में भाजपा सरकार के कार्यकाल में महंगाई लगातार बढ़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि गैस सिलेंडर की कीमतों में 60 रुपये की वृद्धि ने आम लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। पहले से ही महंगाई से जूझ रही जनता के लिए यह फैसला और मुश्किलें खड़ी करने वाला है।
उन्होंने प्रदेश में कथित तौर पर एक भाजपा नेता के खेत में अफीम की खेती के मामले को भी गंभीर बताया। जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश में नशे से जुड़े मामलों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए और ऐसे मामलों की निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि घरेलू गैस सिलेंडर की बढ़ी हुई कीमतों को वापस लिया जाए तथा प्रदेश में नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि आम जनता के हितों की रक्षा के लिए कांग्रेस का संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।
इस मौके पर जिला शहर अध्यक्ष मुकेश राठौर, ग्रामीण जिला अध्यक्ष मनोज चौहान, श्याम सुंदर सोनी, विकास सिंह, महिला कांग्रेस अध्यक्ष कुसुम द्विवेदी, संजू पैकरा, पालूराम साहू, मनीष शर्मा, सुखसागर निर्मलकर, गिरधारी बरेठ, तोपचंद बैरागी, रमेश वर्मा, पन्ना अमित सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
































